Wednesday, June 20, 2012

अष्टावक्र गीता (हिन्दी) / अध्याय – 15 - प्रो बसन्त प्रभात जोशी


              
           पन्द्रहवाँ अध्याय


थोड़े से उपदेश से सत्त्व बुद्धि कृतकृत्य
आजीवन जिज्ञासु हो असत बुद्धि मोहित सदा.१.
विषय विरसता मोक्ष है बंध विषय रस जान
इतना ही विज्ञान है जस इच्छा तस कर.२.
तत्त्व बोध जड़ अलस कर वाचाल प्राज्ञ उद्योगी  
अभिलाषा जिन भोग की तत्त्व बोध है व्यक्त.३.
देह नहीं ना देह तव भोक्ता कर्ता नाहिं
चैतन्य निरपेक्ष साक्षी सदा, नित्य तू चर सुख यहाँ.४.
राग द्वेष मानस धरम, मन ना कभी न तू
निर्विकल्प बोधात्मा विकारहीन तू विचर सुख.५.
सब भूतों में आत्म को आत्म जान सब भूत
अहंकार ममता रहित सदा सुखी संसार.६.
जिससे जग उत्पन्न हो ज्यों सागर में तरंग
निसन्देह तू है वही  ज्वार रहित भव चैतन्य.७.
श्रृद्धा कर श्रृद्धा कर, नहीं मोह कर तात
ज्ञान रूप भगवंत तू प्रकृति परे तू आत्म.८.
लिप्त गुणों से देह यह आता जाता नित्य
आत्मा आता जात नहिं फिर क्यों करता सोच.९.
कल्प अन्त तक देह हो चाहे तुरत विनष्ट
चैतन्य रूप तव वृद्धि कुत कहाँ नाश चैतन्य.१०.
तुझ अनन्त अम्बोधि में उदय अस्त तरंग
विश्व तरंग स्वभाव से तोर वृद्धि न नाश.११.
तू चैतन्य रूप है तुझसे भिन्न न विश्व
हेय उपादेय कल्पना किसकी क्योंकर और कहाँ.१२.
तू अविनाशी अमल है चैतन्य शान्त आकाश
कहाँ जन्म कहँ कर्म हैं और कहाँ अहंकार.१३
जिसको तू है देखता प्रतिभासित तू जान
कंगन नूपुर बाजूबंद कहाँ भिन्न हैं स्वर्ण.१४.
यह मैं हूँ  मैं हूँ नहीं तज दे ऐसा भाव
निश्चय कर संकल्पगत सदा सुखी हो तात.१५.
तव अज्ञान विश्व है परम अर्थ तू एक
अन्य न कोई दूसरा लोक अलौकिक जान.१६.
विश्व जान भ्रम मात्र है और न कछु है निश्चयी
विगत वासना चैतन्य वह जान स्वाभाविक शान्ति.१७.
संसार महाअम्बोधि में भूत भवि एक तू
बंध मोक्ष तव है नहीं सुख विचरत कृतकृत्य.१८.
संकल्प विकल्प क्षोभित नहीं कर चित को चैतन्य
शान्त सुखी निज रूप में सुखपूर्वक स्थित चैतन्य.१९.
ध्यान त्याग सर्वत्र ही हृदि नहिं धारण कोय
तू आत्मा ही मुक्त है विमर्श प्राप्त केहि लब्ध.२०.
         
             गीतामृत

सत्व बुद्धि वाला मनुष्य थोड़े से उपदेश से कृतकृत्य हो जाता है और असत बुद्धि आजीवन जिज्ञासु रहकर भी सदा भ्रमित रहता है.
विषयों में अरुचि मोक्ष है और विषय रस बंधन है.
तत्त्व बोध, वाचाल बुद्धिमान और प्रबल उद्योगी पुरुष को जड़ और आलसी कर जाता है. इसलिए जिन लोगों को भोग की अभिलाषा है उनके द्वारा तत्त्व बोध व्यक्त है. बोध पुरुष कुछ नहिं कहता. शास्त्रार्थ, प्रवचन भोग की अभिलाषा रखने वाले ही करते हैं.
तू शरीर नहीं है, यह शरीर तेरा नहीं है तू भोक्ता कर्ता भी नहीं है तू नित्य, चैतन्य, निरपेक्ष, साक्षी है इसलिए तू सुख पूर्वक रह.
राग द्वेष मन के  धर्म हैं तू कभी मन नहीं है तू निर्विकल्प विकारहीन बोधात्मा है अतः तू सुख पूर्वक इस संसार में विचरण कर.
सब भूतों में आत्मा को और सब भूतों को आत्मा जानकर अहंकार ममता रहित होकर सदा सुख पूर्वक संसार में विचरण कर.
सागर में तरंग के सामान जिससे यह संसार उत्पन्न होता है तू वही है इसलिए तू ज्वार रहित हो.
हे तात तू श्रृद्धा कर श्रृद्धा कर तू मोह मत कर. तू ज्ञान रूप भगवान है, तू ही प्रकृति से परे आत्मा है.
गुणों से लिप्त यह देह सदा आता जाता है, जन्म मृत्यु को प्राप्त होता है पर  आत्मा आता जाता नहीं है फिर क्यों सोच करता है.
यह देह हो सृष्टि के अन्त तक रहे या तुरन्त विनष्ट हो जाये इससे क्या फर्क पड़ता है क्योंकि तू चैतन्य रूप है तेरी वृद्धि और नाश कहाँ है.
तुझ महासमुद्र में अपने स्वभाव से लहर उदय अस्त होती रहती हैं किन्तु तेरी वृद्धि और नाश कहाँ है.
तू चैतन्य रूप है यह विश्व तुझसे भिन्न नहीं है इसलिए त्याग और ग्रहण की कल्पना किसकी क्योंकर और कहाँ हो सकती है.
तू अविनाशी निर्मल चैतन्य शान्त रूप आकाश में कहाँ जन्म है, कहाँ कर्म है, कहाँ अहंकार है.
जिसको तू देखता है उसमें तू ही प्रतिभासित होता है क्या कंगन, नूपुर, बाजूबंद सोने से भिन्न हैं?
यह मैं हूँ अथवा यह मैं हूँ नहीं हूँ इस भाव को त्याग दे. सब आत्मतत्त्व है ऐसा निश्चय करके तू संकल्प रहित हो सुखी हो.
तेरे ही अज्ञान से यह विश्व है परमार्थतः तू एक है. तेरे अतरिक्त दूसरा कोई नहीं है न संसारी न असंसारी.
यह विश्व भ्रम मात्र है और कुछ नहीं है.निश्चय पूर्वक जो इस तथ्य को जनता है वह वासना रहित चैतन्य स्वाभाविक शान्ति को प्राप्त है.
संसार रुपी महासागर में तू एक ही था और होगा. तेरा बंधन और  मोक्ष नहीं है तू कृतकृत्य होकर सुखपूर्वक  विचर.
हे चैतन्य तू चित्त को संकल्प विकल्प से क्षोभित मत कर. तू शान्त सुखी होकर अपने स्वरूप में सुखपूर्वक स्थित हो.
सदा ध्यान को त्यागकर हृदय में कुछ भी धारण मत कर. तू मुक्त आत्मा है तू विमर्श करके क्या प्राप्त करेगा.



........................................................................................................












Wednesday, June 13, 2012

अष्टावक्र गीता (हिन्दी) - अध्याय 13 & 14 / प्रो बसन्त प्रभात जोशी


                अष्टावक्रगीता (हिन्दी)                      
                    तेरहवाँ अध्याय
राजा जनक अपनी स्थिति को बताते हैं-
कुछ भी नहीं अस स्वास्थ्य से दुर्लभ अपि सन्यासि
त्याग ग्रहण को छोडकर सुखपूर्वक स्थित सदा.१.
कहीं खेद है देह का कहीं दुखी मन, जीभ
इन त्रय को तजते हुए सुख स्थित पुरुषार्थ.२.
किया हुआ जो कर्म है नहीं आत्मकृत जान
जो आयाति कर्म है कर उसको सुखी सदा.३.
कर्म निष्कर्म बंध से जुड़े देह अस योगि
संयोग वियोग अस देह से मुक्त सुखी अस जान.४.
चलने सोने ठहरने अर्थ अनर्थ न जान
एहि कारण मैं ठहरता सोता जाता सुखी सदा.५.
निद्रा से नहिं हानि है यत्न नहीं है सिद्धि
हानि लाभ को त्यागकर सुखपूर्वक स्थित सदा.६.
बहुत जन्म देखे सुने सुख दुःख सदा अनित्य
शुभाशुभ को छोड़कर सुखपूर्वक स्थित सदा.७.

                   गीतामृत
राजा जनक अपनी स्थिति को बताते हैं- मेरे लिए कुछ भी नहीं है, ऐसे भाव से मैं चित्त की स्थिरता को प्राप्त हो गया हूँ ऐसा स्वभाव कोपीन को धारण करने वाले सन्यासी में भी दुर्लभ है. मेरे लिए त्याग और ग्रहण दोनों सामान हैं इसलिए इन्हें छोड़कर मैं सुख पूर्वक स्थित हूँ.
कहीं शरीर का दुःख है कहीं वाणी और मन का दुःख है. इसलिए इन तीनों को त्यागकर मैं सुख पूर्वक स्थित हूँ.
कोई भी किया हुआ कर्म आत्म कृत नहीं होता है ऐसा विचार करके जो कुछ कर्म उपस्थित हो जाता है उसे करके मैं सुख पूर्वक स्थित हूँ.
अनेक योगी कर्म और निष्कर्म के बंधन को रखने वाले हैं परन्तु मैं संयोग वियोग से सर्वथा अलग होने के कारण सुख पूर्वक स्थित हूँ.
चलने सोने ठहरने आदि क्रियाओं में कुछ भी अर्थ अनर्थ नहीं दिखायी देता है. इस कारण मैं ठहरता सोता जाता सदा सुख पूर्वक स्थित हूँ.
सोते  हुए मुझे हानि नहीं है न यत्न करते हुए मुझे सिद्धि की इच्छा है. इसलिए हानि  लाभ को त्यागकर मैं सुख पूर्वक स्थित हूँ.
बहुत से जन्मों  और अनेक परिस्थितियों में सुख दुःख की अनित्यता को देखकर शुभाशुभ को छोड़कर मैं सुख पूर्वक स्थित हूँ.

                       
                  चौदहवाँ अध्याय
राजा जनक कहते हैं-
जो चित शून्य स्वभाव है प्रमाद विषय कर ध्यान
निद्रा पर बोधित सदा मुक्त पुरुष संसार.१.
कहाँ मित्र अरु धन गया विषया रुपी चोर
इच्छा जब से नष्ट मम कहाँ शास्त्र कहँ ज्ञान.२.
जब से जाना परमात्मा को साक्षी ईश्वर जान
बंध मोक्ष नैराश्य नहिं मुक्ति न चिन्ता मोहि.३.
अंतर विकल्प शून्य है स्वछन्द बाह्य से भास
वैसी वैसी दशा को जान पुरुष तद्रूप.४.

                     गीतामृत
राजा जनक कहते हैं जो चित्त स्वभाव से शून्य है पर आलस्य से विषयों की भावना करता हैजो सोता हुआ भी जगाता है ऐसा पुरुष संसार से मुक्त है.
जब मेरी इच्छा ही नष्ट हो गयी तब धन, मित्र, विषय शास्त्र ज्ञान निरर्थक है.
साक्षी पुरुष, परमात्म,ईश्वर आशा मुक्ति,बंधन मुक्ति को जान लेने पर मुझे मुक्ति की चिन्ता नहीं है.
जिसका चित्त विकल्पों से शून्य है परन्तु बाहर से अज्ञानी अथवा माया से भ्रमित व्यक्ति की तरह स्वछन्द है ऐसे पुरुष की दशा को वैसी दशा वे बोध पुरुष ही जानते हैं.
 ................................................................................................................................

Sunday, June 3, 2012

अष्टावक्र गीता (हिन्दी) -अध्याय 11 & 12 / प्रो बसन्त प्रभात जोशी

अष्टावक्र गीता (हिन्दी) / प्रो बसन्त प्रभात जोशी                       
              ग्यारहवाँ अध्याय

अष्टावक्र ऋषि कहते हैं
विकृति भाव आभाव की निश्चय जान स्वाभाव
क्लेश रहित निर्विकार वह सुखम् शान्ति उपलब्ध.१.
सबका कारण ईश है नहीं अन्य कोउ जान  
आशा जड़ से मिट गयी अनासक्त वह शान्त.२.
आपद सम्पद प्राप्त हो भाग्य समय पर जान 
तृप्त स्वस्थ इन्द्रिय पुरुष नहीं काम नहिं शोक.३.
जन्म मृत्यु सुख दुःख सदा सकल देव वश जान
साध्य कर्म को देखता निरायास नहिं लिप्त.४.
दुःख देती चिन्ता सदा ऐसा निश्चय जान
चिंता गयी सुख शान्त है गलित सकल इच्छा सदा.५.
नहीं देह हूँ देह न मोरी बोध रूप निश्चय सदा
मोक्ष प्राप्त अस पुरुष जो नहीं स्मर कृत कर्म.६.
त्रण से लेकर ब्रह्म तक मैं हूँ ऐसा जान  
निर्विकल्प शुचि शान्त हो प्राप्त अप्राप्त निवृत्त.७.
विविध आश्चर्य जग कुछ नहीं निश्चय ऐसा जान
आश रहित सो बुद्ध वह शान्ति प्राप्त स्वभाव.८.


गीतामृत

अष्टावक्र ऋषि कहते हैं
भाव आभाव का विकार स्वभाव के कारण होता है जो यह जान लेता है वह क्लेश मुक्त होकर आनन्द और शान्ति को उपलब्ध होता है.
ईश्वर सभी जड़ चेतन का कारण है उसके अलावा अन्य कोई कारण नहीं है. इच्छा का समाप्त होना ही अनासक्ति है.
सम्पत्ति विपत्ति भाग्य से समय पर आती है जिसका ऐसा निश्चय है उस पुरुष को कोई कमाना होती है वह सदा तृप्त रहता है अतः उसे कोई दुःख नहीं होता.
जन्म मृत्यु सुख दुःख सदा भाग्य से समय पर आते  हैं वह साक्षी भव से सभी कर्त्तव्य कर्म करता हुआ लिप्त नहीं होता.
चिन्ता सदा दुःख का कारण है चिन्ता मुक्त ही सुखी और शान्त है. इच्छा  नष्ट होते ही चिन्ता नष्ट हो जाती है.
मैं शरीर नहीं हूँ यह शरीर मेरा नहीं है. मैं बोध स्वरूप हूँ. ऐसा पुरुष ही मोक्ष को प्राप्त होता है. ऐसे पुरुष के कर्म संस्कार नहीं होते.
तिनके से लेकर ब्रह्म तक मैं ही हूँ. ऐसा मनुष्य ही निर्विकार शुद्ध शान्त और सम होता है. प्राप्त अप्राप्त की चिन्ता से मुक्त हो जाता है.
अनेक आश्चर्य वाला संसार वास्तव में कुछ भी नहीं है जो यह जानता है वह इच्छा रहित बोध स्वरूप पुरुष स्वाभाविक शान्ति को प्राप्त होता है.

   ............................................................................................................

अष्टावक्रगीता (हिन्दी) / प्रो बसन्त प्रभात जोशी                      
              बारहवाँ अध्याय

राजा जनक कहते हैं
पहले रोके देह के फिर वाणी के काम  
मानस कर्म निरोध कर स्थित हूँ मैं आत्म.१.
इन्द्री शब्द विषयादि में प्रीती भाव आभाव
आत्म अज्ञान विक्षोभ से मुक्त चित्त एकाग्र.२.
सम्यक अध्यास विक्षोभ हो करे समाधि व्यवहार 
देख इसे स्थित हुआ रहित समाधि व्यवहार.३.
हर्ष विषाद प्राप्त हो हेय उपादेय वियोग
बीते उनके जस  हुआ तस मैं स्थित जान.४.
आश्रम ध्यान अनाश्रम है चित्त स्वीकार वर्जनम्
उनसे उद्भव निज विकल्प देख मुक्त स्थित स्वयं.५.
कर्म होत अज्ञान से त्याग जान अज्ञान  
कर्म अकर्म से मुक्त हो स्थित हूँ मैं जान.६.
अचिन्त्य चिन्त्य रत हो सदा भजे चिंत दिन रात
भाव त्याग भव मुक्त हो स्थित हूँ निज आप.७. 
अक्रिय रूप अर्जित किया जिस साधन से ज्ञानि
इह स्वभाव कृतकृत्य है नहीं शेष कुछ अन्य.८

गीतामृत

राजा जनक कहते हैं
शरीर के कर्म रोककर फिर क्रमशः वाणी और मन के कर्म रोककर अथवा उनको विस्मृत कर मैं आत्मस्थित हूँ.
शब्द आदि इन्द्री विषयों में प्रीति का आभाव से और आत्म अज्ञान विक्षोभ से मुक्त चित्त होकर मैं आत्मस्थित हूँ.
आत्म ज्ञान के लिए समाधि की आवश्यकता कोई जरूरी नहीं है अज्ञान के कारण विक्षोभ उत्पन्न होते हैं इसलिए समाधि का व्यवहार किया जाता है. जिसे बोध नहीं उसे ध्यान धारणा और समाधि की आवश्यकता होती है अन्यथा यह आवश्यक नहीं है. ऐसा निश्चय हुआ मैं, समाधि रहित आत्मस्थित हूँ.
अच्छे बुरे के संयोग और वियोग से जो हर्ष और विषाद होता है उसके आभाव से मैं जैसा हूँ वेसा स्थित हूँ.
आश्रम ध्यान अनाश्रम आदि अनेक व्यवस्थाएँ हैं इसी प्रकार चित्त का स्वीकार और त्यागना है उन सबसे उत्पन्न अपने विकल्प को देखकर मैं मुक्त हुआ स्वरूप स्थित हूँ.
सभी कर्मो का कारण अज्ञान है इसी तरह  त्याग का कारण भी अज्ञान है. इस तत्त्व को जानकर कर्म अकर्म से मुक्त हुआ मैं स्वरूप स्थित हूँ.
अचिन्त्य परमात्म के चिन्तन में लगा मनुष्य चिन्ता रत रहता है. इसलये उस भाव को त्यागकर भावना मुक्त मैं स्थित हूँ.
जिस मनुष्य ने साधनों से अक्रिय रूप अर्जित किया वह धन्य है. ऐसा स्वभाव वाला ही मनुष्य वास्तव में कृतकृत्य है.

............................................................................................................






Friday, May 11, 2012

अष्टावक्रगीता (हिन्दी) - अध्याय 9 &10/ प्रो बसन्त प्रभात जोशी


             अध्याय  9

अष्टावक्र ऋषि कहते हैं
शान्त हुए कब द्वन्द्व अरु कृताकृते सब कर्म
उदासीन जग से हुआ अवृती त्यागी ज्ञेय.१.
कोई ऐसा धन्य है लोक चेष्टा अवलोक
जीवन भोग की वासना और अविद्या चाह.२.
जान सकल अनित्य है त्रिविध ताप दूषित सदा
असार निन्दित हेय है जान शान्ति निश्चय परम.३.
काल अवस्था कौनसी जिसमें द्वन्द्व न होय
करे उपेक्षा संतोष प्रिय सिद्धि प्राप्त वह ज्ञानि.४
भिन्न भिन्न मति साधु की योगी ऋषि की जान
देख उपेक्षा प्राप्त नर कौन शान्ति नहिं प्राप्त.५.
समता युक्ति उपेक्षा ले जान सत्य चैतन्य
निज स्वरूप को जानकर मुक्ति प्राप्त गुरु सोइ.६.
देख विकार सब भूत के, यथार्थ भूत में देख
बंध मुक्त तत्क्षण हुआ निज स्वरूप को प्राप्त.७.
जान वासना जग सदा सकल वासना त्याग
त्याग वासना जग तज्या जस इच्छा तस वास.८.

गीतामृत
आत्मज्ञानी पुरुष के द्वंद्व और अगले पिछले कर्म समाप्त हो जाते हैं. ऐसा पुरुष संसार से उदासीन रहता है. इस प्रकार बिना किसी बंधन के त्यागी हो जाता है.
ऐसा आत्मज्ञानी पुरुष धन्य है जो संसार में रहते हुए संसार की चेष्टाओं से अलग रहता है. उसे जीवन में भोग की इच्छा और सांसारिक विद्या की चाह नहीं रहती.
वह जानता है कि संसार अनित्य है तथा तीनों प्रकार के ताप से सदा दूषित है. इस संसार का कोई अस्तित्व नहीं है. इस प्रकार जानकर उसे निश्चय ही परम शान्ति उपलब्ध होती है.
वह अवस्था कोन सी है जिसमें कोई द्वंद्व न हो .आत्मज्ञानी संसार की उपेक्षा करता हुआ संतोषी द्वन्द्वातीत होकर परम सिद्धि को प्राप्त होता है.
इस संसार में अनेक मत धर्म सम्प्रदाय और उनके मानने वाले हैं. बोध को प्राप्त पुरुष इन सब में उपेक्षा का भाव रखते हुए शान्ति को प्राप्त रहता है.
समता, युक्ति और उपेक्षा द्वारा सत्य स्वरूप चैतन्य को जानकर अपनी अस्मिता को पहचानकर जो मोक्ष को प्राप्त होता है वह ही गुरु है.
जब ज्ञानी भिन्न भिन्न भूतों के भिन्न भिन्न विकारों को यथार्थतः भूतों में देखता है तत्क्षण भूतों के बंधन से मुक्त हुआ अपने स्वरूप को पहचान लेता है.
यह संसार वासना मात्र है अतः सभी वासनाओं का त्याग कर जिसने संसार की वासना त्याग दी तो फिर वह अपनी मर्जी का शहंशाह है.

             अध्याय  10
अष्टावक्र ऋषि कहते हैं

बैर रूप सम काम को अनर्थ मूल धनधान्य
त्याग उभय के धर्म को आदर नहिं संसार.१.
मित्र क्षेत्र धन भवन अरु सम्पति दारा भ्रात
तीन पांच दिन जग मिलें इंद्रजाल सम जान.२.
जहाँ जहाँ तृष्णा मिले जान वहाँ संसार
प्रोढ़ वैराग्य आश्रित हुआ तृष्णा लय सुख पाय.३.
तृष्णा बंधन आत्म की नाश मोक्ष है जान
अनासक्त जग वास कर प्राप्ति तुष्टि सो जान.४.
शुद्ध चैतन्य तू सदा प्राकृत जग को जान
जान अविद्या असत् है किमि इच्छा फिर जान.५.
देह राज स्त्री सुता और पुत्र सुख तोर
जन्म जन्म से काल मुख यद्यपि तू आसक्त.६.
अर्थ काम अरु पुण्य बहु किये बहुत तू काल
मन विश्रांत नहीं हुआ भटका जग जंजाल.७.
मन वाणी अरु देह से कोटि जन्म कृत कर्म
श्रम दुःख से वह युक्त थे अब तू कर विश्राम.८.

गीतामृत
काम को सदा अपना बैरी जानते हुए धन संपदा को अनर्थ का कारण जान. दोनों के मूल स्वाभाव को त्याग दे और इस संसार को कोई आदर मत दे.
मित्र, खेत, धन, भवन, सम्पति. पत्नी, भाई को इंद्रजाल के समान जान. यह रिश्ते और आसक्ति मात्र भ्रम है और यह कुछ दिन के ही हैं.
जहाँ जहाँ तृष्णा हो उसे संसार जान. लगातार साधन से प्राप्त  वैराग्य से तृष्णा समाप्त कर ही सुख प्राप्त होता है.
तृष्णा आत्मा का बंधन है और इसका नाश मोक्ष है. इसलिए इस संसार में अनासक्त होकर वास कर. तुझे आत्मतुष्टि स्वतः ही होगी.
तू सदा शुद्ध चैतन्य है और संसार जड़ है. सांसारिक ज्ञान असत् है इसलिए इस सांसारिक ज्ञान को जानने की इच्छा क्यों?
तेरा शरीर राज्य स्त्री पुत्री और पुत्र सुख जिनमें तू जन्म जन्म से आसक्त था म्रत्यु को प्राप्त हुए.
तूने धर्म अर्थ काम आदि पुण्य बहुत बार किये परन्तु तेरे मन को शान्ति नहीं मिली वह स्थिर नहिं हुआ वह सदा संसार के जंजाल में भटकता रहा है.
इसी प्रकार मन वाणी और शरीर से  अनेक जन्मों  में तूने अनेक कर्म किये हैं वह सब श्रम और दुःख से युक्त थे इसलिए अब इन कर्मो से अनासक्त होकर तू विश्राम कर.
..................................................................................................................
    

Sunday, May 6, 2012

अष्टावक्र गीता (हिन्दी) – अध्याय 4 - 8 / प्रो बसन्त प्रभात जोशी



            अध्याय – 4
राजा जनक उत्तर देते हैं–
आत्मज्ञानी खेलता जग के भोग  विलास
कैसे तुलना मूढ़ से ढ़ोये जग निज शीश.१.
जिस पद की इच्छा लिए इन्द्रादि देव हैं दीन
आश्चर्य योगी स्थित वहाँ नहीं हर्ष को प्राप्त.२.
पाप पुण्य स्पर्श ना जो जाने वह पाद
भासित धूम आकाश सः नहीं धुएँ के साथ.३.
जिसने जाना आत्म को, जगत आत्म सम जान
कौन बद्ध अस ज्ञानि को  निज इच्छा व्यवहार.४.
ब्रह्मलोक पर्यन्त तक चार जीव जग व्याप्त
काम अकाम निग्रह नहीं विज्ञ समर्थ है जान.५.
विरला जानत आत्म को जगदीश्वर अद्वैत
करना जिसको मानता उसको करता जान.६.

गीतामृत
आत्मज्ञानी  अनासक्त होकर सामान्य मनुष्य की तरह जग के भोग  विलास के साथ खेलता है जबकि अज्ञानी सदा संसार में आसक्त हुआ संसार को सिर में ढ़ोता है.
जिस पद प्रतिष्ठा के लिए इन्द्रादि देव निरन्तर व्याकुल रहते हैं ज्ञानी उस स्थान को पाकर भी उदासीन रहता है.
जिस प्रकार आकाश में धुआं आकाश की तरह दिखई देता है पर आकाश धुएँ से अलग रहता है इसी प्रकार ज्ञानी को पाप पुण्य नहीं व्यापते हैं.
जिस ज्ञानी ने आत्मा को जान लिया है जो ज्ञानी संसार में अपने को देखता है ऐसे ज्ञानी को कोई भी कार्य करने से कौन रोक सकता है.
समूर्ण सृष्टि में सभी जीव काम के दास हैं केवल ज्ञानी ही अकाम होता है.
कोई विरला ज्ञानी ही जनता है कि भगवान एक है और वह और भगवान दो नहीं एक ही हैं. ऐसा ज्ञानी जिस कार्य को उचित समझता है उसे करता है.


    अध्याय – 5
अष्टावक्र ऋषि कहते हैं
नहीं किसी से संग है शुद्ध जान केहि त्याग
त्याग देह अभिमान को और मोक्ष को प्राप्त.१.
तुझसे उद्भव विश्व है जैसे बुदबुद सिंधु
विज्ञ आत्म को एही सदा और मोक्ष को प्राप्त.२.
दृश्य जगत प्रत्यक्ष है नहीं तोर हे शुद्ध
रज्जू सर्प भासित जगत अतः मोक्ष को प्राप्त.३.
सम सुख दुःख जिसके लिए आश निराशा एक
जीवन मृत्यु समान है प्राप्त मोक्ष उपलब्ध.४.
गीतामृत
अष्टावक्र ऋषि कहते हैं
आत्मज्ञानी पुरुष का किसी भी वस्तु से लगाव नहीं होता है तो फिर वह किसे शुद्ध जाने किसे त्यागे. जिसने देहाभिमान त्याग दिया वह मोक्ष को उपलब्ध हो जाता है.
हे जनक, तुझ आत्मस्वरूप से इस विश्व का जन्म समुद्र में बुलबुले के सामान ही हुआ है.
यह जगत जो प्रत्यक्ष दिखायी देता है वह वास्तव में तेरा नहीं है. भ्रम के कारण जगत की प्रतीति होती है.
जिसके लिए सुख दुःख सामान हैं आशा निराशा सामान है इसी प्रकार जीवन मृत्यु समान है ऐसा विरला आत्मज्ञानी पुरुष मोक्ष को उपलब्ध होता है.
    अध्याय – 6
राजा जनक कहते हैं
मैं अनन्त आकाशवत प्राकृत घट घट जान
नहीं त्याग नहिं गृहण लय यही सत्य है ज्ञान.१.
मैं उदधि सम हूँ सदा जग तरंग सम जान
नहीं त्याग नहिं गृहण लय यही सत्य है ज्ञान.२.
मैं सीपी सम सत्य हूँ कल्पित रजत जग जान
नहीं त्याग नहिं गृहण लय यही सत्य है ज्ञान.३.
मैं निश्चित सब भूत में सकल भूत मम जान
नहीं त्याग नहिं गृहण लय यही सत्य है ज्ञान.४.

गीतामृत
राजा जनक कहते हैं
मुझे सत्य का ज्ञान हो गया है मैं आकाश की तरह सर्वत्र व्याप्त हूँ. मैं न कुछ त्याग करता हूँ न स्वीकार करता हूँ न मेरा कहीं कोई अन्त है. समुद्र के समान मेरी स्थिति है और यह संसार मुझ समुद्र में उठने वाली तरंग है. मैं जान गया हूँ कि मैं सभी भूतों में हूँ और सब  भूत मुझ में हैं. यही नहीं यह भी जान गया हूँ कि यह संसार मुझ में ही कल्पित है.
     अध्याय – 7
राजा जनक कहते हैं
मुझ अगाध अम्बोधि में विश्वपोत बलखात
डोलत प्राकृत वायु निज मैं तटस्थ हूँ जान.१.
मुझ अगाध अम्बोधि में जग तरंग स्वभाव
उद्भव लय हो स्वतः ही मेरी वृद्धि न हानि २.
मुझ अगाध अम्बोधि में जग है कल्पित मात्र
शान्त निराकार सदा, स्थित हूँ एही भांति.३.
आत्म नहीं है विषय में, विषय नहीं हैं आत्म
अनासक्त स्प्रहा रहित, स्थित हूँ एही भांति.४.
मैं चैतन्य मात्र हूँ इंद्रजाल जग जान

उपादेय अरु हेय में कैसे कल्पित होय.५.

गीतामृत
राजा जनक कहते हैं
मुझ महा समुद्र में संसार रूपी जहाज हिलता रहता है.संसार अपनी प्रकृति से चंचल रहता है परन्तु मैं सदा तटस्थ हूँ. मेरी न वृद्धि होती है न मेरा क्षय होता है.
मुझ महा समुद्र में यह संसार  मात्र कल्पना है  मैं सदा शान्त और निराकार हूँ, सदा शान्त और निराकार  रूप में स्थित हूँ. संसार के किसी भी विषय में आत्मतत्व नहीं है और आत्मतत्व कोई संसार का विषय नहीं है. मैं आत्मतत्व अनासक्त स्प्रहा रहित होकर स्थित हूँ. मैं आत्मतत्व चैतन्य मात्र हूँ और यह संसार इंद्रजाल (भ्रम) है उपादेय अरु हेय में मुझ आत्मतत्व की कैसे कल्पना हो सकती है?


     अध्याय – 8
अष्टावक्र ऋषि कहते हैं
चित्त चाहता सोचता जान तभी तक बंध
त्याग गृहण सुख दुःख तथा, करे द्वेष अरु क्रोध.१.
नहीं चाहता सोचता नहीं त्याग अरु लेत
चित्त न सुख दुःख जानता तभी मोक्ष का हेतु.२.
चित्त देखे विषयी हुआ जान तभी है बंध
अनासक्त सब दृष्टि से तभी जान है मोक्ष.३.
जब मैं है तब बंध है मैं नहिं तब है मोक्ष
ना सोचे इच्छा नहीं, गृहण नहीं, नहिं त्याग.४.
गीतामृत
अष्टावक्र ऋषि कहते हैं
जब तक चित्त किसी वस्तु को चाहता है और उसके बारे में सोचता है तभी तक बंधन  है
तभी तक त्याग गृहण सुख दुःख द्वेष और क्रोध क्रियाएँ होती हैं.
जब चित्त किसी वस्तु को नहीं चाहता है और उसके बारे में नहीं सोचता है  त्यागने, लेनदेन  
सुख दुःख की क्रिया नहीं करता न जानता है तभी मोक्ष है.
चित्त जब देखकर विषयी होता है तभी है तक  बंधन है अनासक्त दृष्टि होते ही है मोक्ष हो जाता है. जब तक मैं, मेरा है तब तक बंधन है मेरा के समाप्त होते ही मोक्ष हो जाता है. तब आत्मज्ञानी पुरुष न सोचता है न इच्छा करता है न किसी वस्तु को स्वीकार करता है न त्याग करता है.


.......................................................................................................................





Sunday, April 29, 2012

अष्टावक्र गीता (हिन्दी) – तीसरा अध्याय / प्रो बसन्त प्रभात जोशी



                 तीसरा  अध्याय

तत्त्व जनता आत्म का अविनाशी अरु एक
आत्मज्ञानी धीर तू अर्थार्जन क्यों प्रीति.१.
भासत सीपी रजत सम भ्रान्ति लोभ को जन्म
अज्ञान आत्म मोहित हुआ प्रीति  विषय को जन्म.२.
विश्व स्फुरित आत्म से ज्यों सागर में तरंग
सोऽहं ऐसा जान कर धावति क्यों जिमि दीन.३.
शुद्ध चैतन्य आत्मा अति सुंदर है जान
इन्द्रिय विषय आसक्त किमि और मलिनता प्राप्त.४.
सब भूतों में आत्मा आत्मा में सब भूत
मुनि जानत मोहित हुआ देख महत् आश्चर्य.५.
अद्वैत परम स्थित हुआ करे मोक्ष उद्योग
अति प्रबल आश्चर्य है काम अवश क्रीड़ा विकल .६.
काम प्रबल है ज्ञान रिपु जान देख आश्चर्य
अति दुर्बल जो कालवश आश्चर्य काम की चाह.७.
लोकालोक विरक्त जो नित्यानित्य विवेक
करे मोक्ष की कामना आश्चर्य मोक्ष भय जान.८.
धीर पुरुष तो भोगता और दुःख को प्राप्त
नित्य आत्म को देख वह नहिं तुष्ट नहिं क्रुद्ध.९.
चेष्टारत निज देह को अपर देह सम जान
कैसे होता क्षोभ को निदा स्तुति धीर.१०.
माया मात्र यह विश्व है कौतुक से जो पार
धीर पुरुष भयभीत क्यों मृत्यु समागम प्राप्त.११.
नैराश्य प्राप्त स्प्रहा नहीं महामना है जान
किससे तुलना पुरुष की आत्मतृप्त जो ज्ञान.१२.
जो यह निश्चित जानता कुछ नहिं दृश्य स्वभाव
धीर पुरुष किमि देखता ग्राह्य वस्तु अरु त्याज्य.१३.
चित्त कषाय तज दिया द्वन्द्व रहित निरलम्ब
देव प्रप्ति भोगादि में नहीं दुःख नहिं तुष्टि.१४. 


इस अध्याय में महर्षि अष्टावक्र कुछ विशेष प्रश्न पूछकर राजा जनक की परीक्षा लेते हैं.
१.हे राजन तू आत्म तत्व को यदि जान गया है तो फिर धन प्राप्ति एवम राज्य आदि सम्पदा में तेरी क्यों प्रीति है?
२. अज्ञान से आत्म मोहित हुआ पुरुष में भ्रम वश कैसे  विषय का अनुराग पैदा होता है?
३.सागर से जिस प्रकार तरंग उत्पन्न होती हैं उसी प्रकार आत्मा से यह विश्व पैदा होता है. यह जानकर भी आत्मज्ञानी क्यों दीन व्यक्ति की तरह संसार की ओर दौड़ता है?
४. शुद्ध चैतन्य आत्मा अति सुंदर है फिर भी आत्मज्ञानी क्यों इन्द्रिय विषय में आसक्त होकर मलिनता को प्राप्त होता है?
५.संसार के सब भूतों (प्राणी और पदार्थ) में आत्मा है और आत्मा के कारण ही सब भूत हैं.
यह जानकर भी आत्मज्ञानी मोहित होता है यह कितना बड़ा आश्चर्य है.
६.यह कितना बड़ा आश्चर्य है कि परम अद्वैत में स्थित होकर निरन्तर मोक्ष के लिए उद्योग करने वाला काम के वश में हुआ विकल होता है.
७. यह कितना बड़ा आश्चर्य है कि काम ज्ञान का प्रबल शत्रु है यह जानकर भी अति दुर्बल और जिसकी मृत्यु होने वाली है काम की चाह रखता है.
८. यह कितना बड़ा आश्चर्य है कि जो लोक परलोक से विरक्त है नित्यानित्य विवेक रखते हुए निरन्तर मोक्ष की कामना करता है वह भी मोक्ष से भय करता है.
९. धीर पुरुष संसार को भोगता और संसार के कष्टों को प्राप्त होकर भी किस प्रकार
नित्य आत्म में स्थित होकर न तो प्रसन्न होता है न क्रुद्ध होता है?
१०.धीर पुरुष जो अपने शरीर को दूसरे के सामान जानता है वह निदा स्तुति  होने पर  किस प्रकार क्षोभ को प्राप्त होता है?
११.जो आत्मज्ञानी यह जानता है कि यह विश्व माया मात्र है जो माया के कौतुक से पार हो गया है वह धीर पुरुष भी मृत्यु आने पर भयभीत क्यों हो जाता है?
१२.जिस महामना को निराशा में भी आसक्ति नहीं है ऐसे ज्ञान से आत्मतृप्त पुरुष की किससे तुलना किससे की जा सकती है?
१३.जो आत्मज्ञानी यह निश्चित रूप से जानता है कि दृश्य स्वभाव से कुछ नहीं है अर्थात विश्व भ्रम मात्र है ऐसा धीर पुरुष किस प्रकार देखता है कि कौन सी वस्तु ग्राह्य है और कौन त्याज्य है?
१४.जिस आत्मज्ञानी ने चित्त की कलुषता को त्याग  दिया है जो द्वन्द्व रहित है और निरलम्ब है अर्थात अपने में स्थित है उसे  भाग्य से जो मिलता है उसमें सुख दुःख नहीं होता है. ऐसा क्यों? .............................................................................................................................

कॉस्मिक सीड म्यूटेशन थ्योरी CSMT

संक्षिप्त परिचय (Abstract) CSMT विज्ञान और दर्शन को जोड़ने वाला एक चिंतन है। पारंपरिक विज्ञान मानता है कि दिमाग के विकास के बाद चेतना पैदा ह...